NHP Bharat आगरा Published by: Shubham Chauhan 20 May 2026 06:20 PM IST
आगरा के बाह क्षेत्र के खेड़ा राठौर थाना अंतर्गत बिरखेपुरा गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक जितेन्द्र सिंह की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंची उसकी छोटी बहन मोहिनी भी झुलस गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और गुस्साए परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
परिजनों के अनुसार गांव निवासी मुकेश कुमार ने कई बार बिजली विभाग से घर के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन हटाने की शिकायत की थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार टालमटोल की जाती रही। आरोप है कि लाइन हटाने के नाम पर पैसों की मांग भी की गई थी।
बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे जितेन्द्र सिंह अपने घर की छत पर प्लास्टर का काम करा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका कंधा हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और वह करंट की चपेट में आकर छटपटाते हुए नीचे गिर पड़ा।
जितेन्द्र की चीख सुनकर उसकी छोटी बहन मोहिनी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी लाइन के संपर्क में आने से झुलस गई। घटना के बाद परिवार और पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को तत्काल उपचार के लिए बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया।
परिजन युवक के जीवित होने की उम्मीद में उसे आगरा के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को वापस बाह सीएचसी लाया गया।
घटना से नाराज़ ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने सड़क जाम करने की भी कोशिश की और मांग की कि हाईटेंशन लाइन तत्काल हटाई जाए, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।
मौके पर पहुंचे अधिशाषी अभियंता रोहित शर्मा और खेड़ा राठौर थाना पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही।
काफी समझाइश के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार हुए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है।
#Agra #AgraNews #HighTensionLine #ElectricShock #BreakingNews #UPNews #AccidentNews #ElectricityDepartment #BahAgra #KhedaRathore #HindiNews #NHPBharat #LatestNews #IndiaNews #ViralNews