हर्रैया, बस्ती। जगदीश धर्मशाला में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का 62वां स्थापना दिवस एवं श्रद्धेय अशोक सिंघल का जन्म शताब्दी वर्ष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विहिप, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
मुख्य वक्ता गजेंद्र भाई ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की एकता, जागरूकता और सेवा के लिए समर्पित अभियान है। उन्होंने सनातन धर्म को आदि और अनंत बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन के उद्देश्यों और विचारों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रांत मंत्री नागेंद्र प्रताप सिंह और प्रांत संगठन मंत्री दीपेश ने अशोक सिंघल के त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. हरिमूर्ति सिंह 'मनोज' ने कार्यकर्ताओं को उनके विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. दीनानाथ पटेल ने की। इस दौरान डॉ. ममता पांडेय, योगेंद्र सिंह, ध्रुव नारायण सिंह, संतोष सिंह (आरएसएस) समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह का समापन समाज में एकता, सेवा और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करते रहने के संकल्प के साथ हुआ।