55 करोड़ की विकास परियोजनाओं का विधायक ने लिया जायजा

Basti

55 करोड़ की विकास परियोजनाओं का विधायक ने लिया जायजा

Sep 11, 2026
0 Likes
3
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

हर्रैया। विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन करीब 55 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता परखने के लिए विधायक अजय सिंह ने गुरुवार को विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन आईटीआई, मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, स्टेडियम समेत सड़क और संपर्क मार्गों के कार्यों को देखा। अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए समय से काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

हर्रैया के थान्हा खास में 4.56 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे आईटीआई कॉलेज का निरीक्षण करते हुए विधायक ने निर्माण की प्रगति देखी। उन्होंने कहा कि आईटीआई के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा का अवसर मिलेगा।

इसके बाद बीआरसी हर्रैया में 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का जायजा लिया। विधायक ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल मिलेगा।

परसरामपुर विकासखंड के धरमपुर में 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे स्टेडियम का भी निरीक्षण किया गया। विधायक ने कहा कि स्टेडियम के तैयार होने से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

विधायक ने क्षेत्र में चल रहे सड़क और संपर्क मार्गों के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूरी कराई जाएं और कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।

विधायक अजय सिंह ने कहा कि विकास परियोजनाओं में सरकारी धन का सदुपयोग और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, खेल और सड़क सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Ramraj Tiwari
Author
Ramraj Tiwari
Share :