हरिद्वार, उत्तराखंड। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच गई है। रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। दिल्ली हाईवे से लेकर गंगा घाटों तक ‘बोल बम’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 75 लाख से अधिक कांवड़ यात्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। वहीं, कांवड़ मेले में अब तक हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का कुल आंकड़ा चार करोड़ के करीब पहुंचने की बात कही जा रही है।
30 किलोमीटर लक्सर रोड पर डाक कांवड़ वाहनों का दबाव
सुबह से ही हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ती दिखाई दी। मंगलौर की ओर से डायवर्ट होकर हरिद्वार पहुंच रहे डाक कांवड़ वाहनों के कारण करीब 30 किलोमीटर लंबे लक्सर रोड पर यातायात का भारी दबाव बना हुआ है।
वहीं हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस लौटने वाले वाहनों को दिल्ली हाईवे की ओर से निकाला जा रहा है। बड़ी संख्या में भगवा झंडों से सजे वाहन और बाइक पर सवार शिवभक्त जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
भगवा रंग में रंगा हरिद्वार-दिल्ली हाईवे
कांवड़ यात्रा के चलते हरिद्वार-दिल्ली हाईवे का नजारा पूरी तरह शिवमय दिखाई दे रहा है। एक ओर गंगनहर और दूसरी ओर भगवा झंडों से सजे डाक कांवड़ वाहनों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं।
बाइकर्स कांवड़ियों के जत्थे भी बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंच रहे हैं, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों और संपर्क सड़कों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
बैरागी कैंप पार्किंग लगभग फुल
कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या के साथ शहर के पार्किंग स्थलों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। हरिद्वार की प्रमुख पार्किंग में शामिल बैरागी कैंप के लगभग भर जाने की स्थिति बताई गई है।
डाक कांवड़ वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षदीप मैदान में बड़े वाहनों को रोकने की तैयारी भी की गई है। चौपहिया वाहनों के साथ दोपहिया वाहनों से आने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
ग्राउंड जीरो पर DM-SSP
कांवड़ मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
अधिकारियों द्वारा यातायात संचालन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन की निगरानी की जा रही है।
बुलेट पर निकले SSP, CCTV से भी निगरानी
भारी भीड़ के बीच एसएसपी नवनीत सिंह ने बुलेट पर सवार होकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और मौके पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी एवं मेला नोडल अधिकारी अभय प्रताप सिंह भी सड़क पर रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र और भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है।
डाक कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ प्रशासन और पुलिस के सामने लाखों श्रद्धालुओं का सुरक्षित आवागमन और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है।