पीजी मेमोरियल अस्पताल के पास हुआ हादसा; प्राथमिक उपचार के बाद पाली और फिर जोधपुर रेफर
पिपलिया कलां/झूंठा। झूंठा के निकटवर्ती पिपलिया कलां कस्बे में बुधवार को पीजी मेमोरियल अस्पताल के पास राजस्थान रोडवेज की बस और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 50 वर्षीय भूराराम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पाली और वहां से जोधपुर रेफर किया गया।
पेट्रोल भरवाने जाते समय हुआ हादसा
पिपलिया चौकी के कांस्टेबल मनोज कुमार के अनुसार, बेरा घर ढीमड़ा, पिपलिया कलां निवासी भूराराम पुत्र बिरदाराम अपनी टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल संख्या RJ36 SK6424 से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस संख्या RJ04 PA8049 से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद भूराराम बस के नीचे आ गए। हादसे में उनके एक हाथ में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और घायल को राजकीय चिकित्सालय पिपलिया कलां पहुंचाया।
गंभीर हालत में जोधपुर रेफर
राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों ने भूराराम का प्राथमिक उपचार किया। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पाली रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें जोधपुर भेज दिया।
पुलिस ने बस को चौकी पर खड़ा करवाया
हादसे की सूचना मिलने पर पिपलिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। पुलिस ने रोडवेज बस और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को सुरक्षित करवाया। बस को पुलिस चौकी पर खड़ा करवाया गया।
बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।