पाली में ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ थीम पर मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन के नेतृत्व में नोडल एजेंसी पशुपालन विभाग की ओर से कार्यक्रम सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के वीसी हॉल में आयोजित हुआ। इसमें पाली जिले में पदस्थापित तथा पाली जिले के मूल निवासी कुल 64 नवनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
इसी क्रम में राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन जयपुर के भवानी निकेतन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। पाली में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के प्रतिभागी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय आयोजन से जुड़े।
राज्य सरकार की सेवा में नवनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का बधाई संदेश, वेलकम किट और नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान नवनियुक्त कार्मिकों को सरकारी सेवा में अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभागियों को नशा मुक्ति संकल्प की शपथ भी दिलाई। जिला प्रशासन ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
पाली के कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी नोडल एजेंसी पशुपालन विभाग, पाली के संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार पंवार द्वारा उपलब्ध कराई गई।