भीनमाल। निकटवर्ती राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रोड़ा की ढाणी में गुरुवार को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गांधीजी के विचारों और स्वच्छता का संदेश दिया।
विद्यालय की अध्यापिका श्रीमती किरण चौधरी ने बताया कि जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली में बापू के वेश में सजे छोटे बच्चे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने चरखे और संदेशपरक तख्तियां तैयार कर गांधीजी के आदर्शों को प्रस्तुत किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया तथा भजन प्रस्तुत किए। इस दौरान बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यापिका श्रीमती सुनीता बिश्नोई एवं श्रीमती सोहनी बिश्नोई का सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।