अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों में वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। बढ़ती उम्र में नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से कई बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार संभव है। उन्होंने जिले के चिकित्सा संस्थानों में वृद्धजनों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वीरेंद्र हमथानी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के तहत जिलेभर में स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ वृद्धजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं अन्य बीमारियों की समय पर पहचान के लिए नियमित स्क्रीनिंग महत्वपूर्ण है। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में आने वाले वृद्धजनों को आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा विभाग की ओर से 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के तहत विभिन्न स्वास्थ्य एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा वृद्धजनों को स्वास्थ्य, पोषण, व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी जाएगी।