बंशीलाल माली और मुमताज अली के साथ पार्षद भी पहुंचे; डोटासरा व टीकाराम जूली से मिले कांग्रेस नेता, शहर के विकास और संगठन पर चर्चा
जालोर। नगर परिषद जालोर में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद नवनिर्वाचित सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली, पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल जयपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर नगर परिषद में बोर्ड गठन और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की।
जालोर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर, उपाध्यक्ष जुल्फीकार अली भुट्टो, उमसिंह चांदराई, कांग्रेस की पूर्व महिला जिलाध्यक्ष एवं पार्षद शोभा सुन्देशा सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।
गहलोत से मुलाकात कर जताया आभार
जयपुर में हुई मुलाकात के दौरान सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली, नवनिर्वाचित पार्षदों और पार्षद प्रत्याशियों ने अशोक गहलोत से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने जालोर नगर परिषद में पार्टी का बोर्ड बनने के बाद नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
इस दौरान नगर परिषद क्षेत्र में आगामी दिनों में किए जाने वाले विकास कार्यों और स्थानीय स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
डोटासरा और टीकाराम जूली से भी मिला प्रतिनिधिमंडल
जयपुर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस प्रदेश कार्यालय भी पहुंचा। यहां कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने जालोर नगर परिषद चुनाव के परिणाम और कांग्रेस के बोर्ड गठन को लेकर प्रदेश नेतृत्व से संवाद किया।
‘कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम’
कांग्रेस नेताओं ने नगर परिषद में मिली सफलता को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम बताया। नवनिर्वाचित पार्षदों ने शहर के विकास को प्राथमिकता देने के साथ संगठन को मजबूत करने की बात कही।
जयपुर दौरे के दौरान जालोर कांग्रेस के पदाधिकारी, नवनिर्वाचित पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।