चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
ब्यावर। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चांग गेट के संयोजन में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। 9 से 12 अक्टूबर तक चली प्रतियोगिता में जिले के 178 विद्यालयों के 615 खिलाड़ियों ने भाग लिया। चार दिनों तक प्रतिभागियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छात्र वर्ग में बाबरा और छात्रा वर्ग में उत्तमी विद्यालय विजेता
प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में जय अम्बे विद्यालय बाबरा विजेता रहा, जबकि राजकीय विद्यालय गोपालपुरा ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में राजकीय विद्यालय उत्तमी विजेता और श्री प्राज्ञ विद्यालय विजयनगर उपविजेता रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने मेहनत और साधना का बताया महत्व
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा, अनिल कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल श्रम और साधना का सेतु हैं। उन्होंने मैदान में किए गए परिश्रम को उपलब्धियों का आधार बताया और विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार भी व्यक्त किया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह की अध्यक्षता यूसीसीओ गुरुशरण गोयल ने की। रोहित जैन, महेंद्र सांखला और सुमनबाला सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तकनीकी सलाहकार संगीता महावर ने प्रतियोगिता का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मंच संचालन गोपाल शर्मा ने किया।
ध्वज अवरोहण के साथ हुआ औपचारिक समापन
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की और ध्वज का अवरोहण किया। इस अवसर पर सुरेंद्र कोठारी, सलीम मंसूरी, सुनील कुमार सिंह, अलका महावर, राजेश परिहार, विक्रम सिंह, स्नेहलता माहेश्वरी, कृष्णकांत गर्ग, रेखा सिंगाड़िया, नारायण सिंह, अनिल कुमार पाराशर, पुष्पा माली, रमेश प्रजापति और मीना चौहान सहित अनेक शारीरिक शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।