जोधपुर,// ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद' कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों के 3075 करोड़ रुपए के 668 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी सेवाओं में नव चयनित 4091 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
जिला प्रशासन एवं नोडल विभाग पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को जनकवि गणेशीलाल व्यास ‘उस्ताद’ मिनी ऑडिटोरियम, सूचना केंद्र में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जोधपुर जिले के विभिन्न राजकीय विभागों में नवचयनित 215 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े तथा नव नियुक्त कार्मिकों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर विधायक श्री अतुल भंसाली रहे। इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा, पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. मनमोहन नागौरी, संयुक्त निदेशक श्री संजय कृष्ण व्यास, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गणपत सुथार सहित गणमान्यजन एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
*विभिन्न विभागों में युवाओं को मिला राजकीय सेवा का अवसर*
रोजगार उत्सव के तहत विभिन्न राजकीय विभागों में नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें प्रशासनिक एवं कार्मिक विभागों के विभिन्न पदों के साथ आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा विभाग में चिकित्सक, नर्स-कंपाउंडर एवं अन्य कार्मिक, पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग के पद शामिल हैं। इस प्रकार विभिन्न क्षेत्रों में चयनित युवाओं को राजकीय सेवा से जुड़ने का अवसर मिला।
*राजकीय सेवाओं में नए कार्मिकों के जुड़ने से सुदृढ़ हुआ मानव संसाधन*
इन नियुक्तियों से विभिन्न राजकीय विभागों में मानव संसाधन की उपलब्धता सुदृढ़ होने के साथ ही जिले के नव चयनित युवाओं को राजकीय सेवा में योगदान का अवसर मिला। रोजगार उत्सव ने नव नियुक्त कार्मिकों के लिए सेवा जीवन की नई शुरुआत के अवसर को गरिमापूर्ण स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षा विभाग के श्री भरत वैष्णव ने किया।