धार में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 प्रकरण दर्ज
85 लीटर हाथ भट्ठी शराब और 3500 किलो महुआ लाहन जब्त, 3.62 लाख रुपये की सामग्री बरामद
धार। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने कुक्षी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के 5 प्रकरण दर्ज किए हैं।
सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मोहनलाल भायल के नेतृत्व में गुरुवार को आबकारी विभाग की टीम ने सीतलामाता, बारूद फलिया, गोगांव नदी किनारे, तालाब फलिया, मकड़वानी एवं धनोरा के नदी-नालों के किनारे दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 85 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा एवं 3500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। महुआ लाहन के नमूने लेने के बाद शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(एफ) के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 3 लाख 62 हजार 750 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सी.के. साहू, आबकारी उपनिरीक्षक रीनू भिंडे, एकता सोनकर, चेतन वेद, अविनाश भूरिया, आबकारी मुख्य आरक्षक रत्ना अमलियार एवं पदमा बघेल सहित मनावर, गंधवानी और धरमपुरी वृत्त के आबकारी अमले का विशेष योगदान रहा।
अब सवाल यह है कि नदी-नालों के किनारे चल रहे अवैध शराब निर्माण पर विभाग की यह कार्रवाई आगे भी कितनी प्रभावी रहती है?
रिपोर्टर: कपिल जैन | धार