मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के बेलिया गांव में 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने उनके 22 वर्षीय पोते रवि शंकर पनिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि युवक ने शराब के नशे में अपने दादा गोरेलाल पनिका पर लाठी से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की जिला अस्पताल अनूपपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना 30 सितंबर और 1 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब दो बजे की है। आरोप है कि रवि शंकर पनिका शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी व बच्चों से विवाद करने लगा। परिवार में विवाद बढ़ता देख उसके दादा गोरेलाल और पिता प्यारेलाल पनिका बीच-बचाव के लिए पहुंचे।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने अपने पिता और दादा पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में गोरेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जान बचाने के लिए वह घर से बाहर निकले, लेकिन आरोप है कि युवक ने उनका पीछा किया और दोबारा लाठी से हमला किया। इसके बाद घायल गोरेलाल जमीन पर गिर गए, जबकि आरोपी मौके से निकलकर कथित तौर पर अपने एक दोस्त के यहां जाकर छिप गया।
परिजनों ने 1 अक्टूबर की सुबह 108 एंबुलेंस की मदद से घायल गोरेलाल को जिला अस्पताल अनूपपुर पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक इलाज के दौरान उसी दिन रात करीब आठ बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि चिकित्सकीय जांच में बुजुर्ग की पसली और हाथ की हड्डी टूटने के साथ लीवर में चोट की जानकारी सामने आई।
मामले की सूचना मिलने पर 2 अक्टूबर को जैतहरी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। मृतक के पुत्र एवं आरोपी के चाचा मोहनलाल पनिका की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी रवि शंकर पनिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने एक दोस्त के घर छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने शनिवार को घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी जिले से बाहर जाने की कोशिश में था।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना के समय शराब के नशे में होने की बात कही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: जिला संवाददाता सुनील रैदास | NHP Bharat News