शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के बाहर सो रही 15 वर्षीय किशोरी को तेंदुआ उठा ले गया। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में किशोरी का शव मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की पहचान टगावर गांव निवासी सरस्वती सिंह गोंड़ के रूप में हुई है। बताया गया कि सरस्वती अपनी बहन के साथ घर के बाहर बनी परछी में सो रही थी, जबकि उसकी मां घर के अंदर कमरे में थी। घर में दरवाजा नहीं लगा था। सुबह बहन की नींद खुली तो सरस्वती बिस्तर पर नहीं मिली। मां को जगाने के बाद दोनों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर कंबल मिला और खोजबीन के दौरान झाड़ियों में सरस्वती का शव बरामद हुआ।
परिजनों के अनुसार, सरस्वती के पिता शिवचरण महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। घर में मां और दो बेटियां रहती थीं।
ग्रामीणों ने बुधवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। ब्यौहारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएफओ तरुणा वर्मा भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल पर तेंदुए के पगमार्क मिलने की पुष्टि की।