सेवा संकल्प अभियान के तहत सांकल घाट पर वृक्षारोपण; पिछले महीने भी लगाए गए थे 1100 पौधे, संरक्षण और देखरेख पर दिया जोर
नरसिंहपुर/गोटेगांव। माँ नर्मदा समृद्धि परिक्रमा के तहत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गोटेगांव क्षेत्र के सांकल घाट पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री प्रहलाद पटेल, विधायक महेंद्र नागेश, कलेक्टर रजनी सिंह, अपर कलेक्टर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान माँ नर्मदा तट पर करीब 1500 पौधों का रोपण किया गया। अभियान के माध्यम से नर्मदा तट के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया।
पिछले महीने भी लगाए गए थे 1100 पौधे
कार्यक्रम में बताया गया कि इससे पहले पिछले महीने भी नर्मदा तट पर करीब 1100 पौधे लगाए गए थे। अब सेवा संकल्प अभियान के तहत 1500 और पौधे लगाए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने केवल पौधरोपण तक सीमित न रहते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सरपंच ने दी पंचायत के विकास कार्यों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच भागीरथ ने पंचायत क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सड़क, नाली और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
इसके साथ ही क्षेत्र में प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों के बारे में भी जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी गई।
सकल घाट के विकास के लिए मंत्री को दिया प्रस्ताव
सरपंच ने बताया कि माँ नर्मदा तट स्थित सकल घाट पर घाट निर्माण के लिए मंत्री प्रहलाद पटेल को प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर नर्मदा तट पर सुविधाओं के विकास की दिशा में आगे काम होने की उम्मीद जताई गई है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ माँ नर्मदा के तटों को हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया गया।
रिपोर्ट: विकास सियारिया, जिला नरसिंहपुर, तहसील गोटेगांव, सांकल घाट | 6 अक्टूबर 2026