50 दिन से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का दो दिन में करें न

Raisen

50 दिन से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का दो दिन में करें निराकरणकलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों को अभियान मोड में कार्रवाई के दिए निर्देश

Oct 7, 2026
0 Likes
1
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

कहा- केवल औपचारिक निराकरण नहीं, जरूरत पड़े तो मौके पर जाकर जांचें वास्तविक स्थिति; लंबित जन विश्वास शिकायतों पर जुर्माने के निर्देश

नर्मदापुरम। सीएम हेल्पलाइन पर 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों को अभियान मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी शिकायतों का अगले दो दिनों के भीतर प्राथमिकता से निराकरण किया जाए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के साथ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सेवा मेरा योगदान, भू-अर्जन के लंबित प्रकरण, स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण और रबी सीजन से पहले नहरों की तैयारियों सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

‘कागजों पर नहीं, वास्तविक रूप से हो शिकायत का समाधान’

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को केवल औपचारिक रूप से बंद करने के बजाय वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और नियमों के अनुसार शिकायतकर्ता को राहत उपलब्ध कराएं।

लंबित जन विश्वास शिकायतों पर जताई नाराजगी

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

पूर्व में आयोजित शिविरों से संबंधित शिकायतें अब तक लंबित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए।

सभी विभागों को जन विश्वास अभियान से संबंधित जानकारी समय पर जिला स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया, जिससे पोर्टल पर निर्धारित समय में एंट्री की जा सके।

स्कूलों में लगेंगे स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण शिविर

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर स्कूलों में स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

‘सेवा मेरा योगदान’ की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

बैठक में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्धारित समय में आवश्यक तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

भू-अर्जन के लंबित मामलों का जल्द करें निराकरण

कलेक्टर ने भू-अर्जन से संबंधित लंबित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुसार लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

रबी सीजन से पहले नहरों की सफाई और मरम्मत कराएं

रबी फसलों की बोवनी से पहले नहरों से सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने की तैयारियों की भी बैठक में समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को नहरों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत समय रहते पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि सिंचाई के दौरान किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: विकास सियारिया
जिला नर्मदापुरम, मध्य प्रदेश

vikas siyariya
Author
vikas siyariya
Share :