कोसी स्नातक चुनाव: रजनीश रंजन ने जारी किए अपने सात निश्चय

Khagaria

“सत्ता नहीं, सरोकार की राजनीति! सात निश्चयों के साथ मैदान में रजनीश रंजन”

Sep 30, 2026
0 Likes
1
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

खगड़िया/कोसी: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार रजनीश रंजन ने आगामी चुनाव के लिए अपनी चुनावी रणनीति और विजन स्पष्ट कर दिया है। मतदाताओं के नाम जारी एक अपील में उन्होंने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान ढूंढना होना चाहिए।

सात निश्चय: संकल्प और प्रतिबद्धता

रजनीश रंजन ने अपने चुनाव अभियान के केंद्र में '7 प्रमुख निश्चय' रखे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ये घोषणाएं महज चुनावी वादे नहीं हैं, बल्कि स्नातक समाज और शिक्षा से जुड़े विभिन्न वर्गों की समस्याओं को विधान परिषद के पटल पर प्रभावी ढंग से रखने का उनका संकल्प है। उनके मुख्य चुनावी एजेंडे में निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं:

  • रोजगार और स्वरोजगार: बेरोजगार स्नातकों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना और स्वरोजगार शुरू करने के लिए ब्याजमुक्त ऋण की व्यवस्था करना।
  • परीक्षा कैलेंडर: प्रतियोगी परीक्षाओं में व्याप्त अनिश्चितता को समाप्त करने के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर को सख्ती से लागू करवाना।
  • शिक्षक कल्याण: शिक्षकों के लिए 7वें वेतनमान का कार्यान्वयन, वित्त रहित एवं अन्य शिक्षकों की समस्याओं का समाधान और उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की पहल।
  • सामाजिक सुरक्षा: स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा और मासिक भत्ते जैसी व्यवस्था सुनिश्चित करना।
  • स्वास्थ्य सुविधाएं: समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य उपचार की दिशा में कार्य करना।
  • अधिवक्ता सुविधा: अधिवक्ताओं के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास।
  • डिजिटल और पुस्तकालय तंत्र: प्रमंडल, जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय और ई-पुस्तकालयों को सुदृढ़ करना, ताकि स्थानीय स्तर पर छात्रों को बेहतर अध्ययन सुविधा मिले।

मतदाताओं से समर्थन की अपील

रजनीश रंजन ने कहा कि उनका प्रयास शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में जमीनी सुधार लाने का है। उन्होंने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से उनके विजन पर भरोसा जताते हुए समर्थन की अपील की है। उन्होंने जोर दिया कि यदि उन्हें अवसर मिलता है, तो वे विधान परिषद में इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे और इनके समाधान के लिए सक्रिय रूप से पहल करेंगे।

Samsher Bahadur
Author
Samsher Bahadur
Share :