पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर गया रेलवे स्टेशन पर देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पिंडदानी, श्रद्धालु और यात्री पहुंच रहे हैं। स्टेशन पर बढ़ती भीड़ के बीच यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), पोस्ट गया की ओर से विशेष सहायता अभियान ‘ऑपरेशन सेवा’ चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत RPF के अधिकारी और जवान बुजुर्ग, दिव्यांग, असहाय तथा चलने-फिरने में असमर्थ यात्रियों की मदद कर रहे हैं। जरूरतमंद यात्रियों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षित तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जा रहा है।
सीढ़ियों से लेकर प्लेटफॉर्म बदलने तक कर रहे मदद
पितृपक्ष मेले के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए RPF जवान सक्रिय रूप से सहायता कर रहे हैं। यात्रियों को सीढ़ियों से चढ़ने-उतरने और एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने में भी सहयोग दिया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष नजर
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में सुरक्षा और यात्री सहायता व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। RPF जवान यात्रियों की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
पितृपक्ष मेले में देशभर से गया पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच ‘ऑपरेशन सेवा’ मानवीय सहायता की मिसाल बन रहा है। खासतौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय यात्रियों को मिल रही मदद से उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम हो रही है।