नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप में उमड़ी मरीजों की भीड़
हुलासगंज हाई स्कूल परिसर में अर्श सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप में रविवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न बीमारियों की जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर में मरीजों को आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों हड्डी रोग विशेषज्ञ डा नवीन निश्चल दंत रोग विशेषज्ञ डॉ तारिक, फिजिशियन डा धीरज कुमार एवं यूरोलोजिस्ट डॉ जमील अंसारी के साथ अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने मरीजों की जांच की। विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनी गईं और उन्हें उचित उपचार एवं सावधानियों की जानकारी दी गई। शिविर में सुबह से ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा।
इलाके के ग्रामीणों के लिए आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य मरीजों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के साथ ही खान-पान और जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी राहत मिलती है। ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की। शिविर के आयोजन को लेकर लोगों ने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ नवीन निश्चल तथा स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता बीरबल शर्मा को लोगों ने साधुवाद दिया।