अलौली। रामपुर-अलौली वार्ड संख्या-01 में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी मोड़ ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और गोलीबारी हुई, जिसमें विपत यादव के 23 वर्षीय पुत्र विभूति यादव के पैर में गोली लग गई। घायल विभूति को आनन-फानन में अलौली पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के धीरज यादव ने थ्रीनट के बट से हमला किए जाने का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रामपुर तिरासी टोला में कुछ लोग गांजा पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते पुरानी खुन्नस ने तूल पकड़ लिया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। धीरज यादव के भी घायल होने की बात सामने आ रही है।
🔥 आठ साल पुरानी रंजिश, दो हत्याओं से जुड़ा है विवाद का इतिहास
अलौली थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब आठ वर्षों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से दो हत्याएं भी हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब आठ वर्ष पहले खलट यादव की रामपुर चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके करीब तीन वर्ष बाद अमरजीत यादव के छोटे भाई लूरक यादव की भी गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यानी पुरानी दुश्मनी की चिंगारी वर्षों से सुलग रही थी और रविवार की शाम एक बार फिर उसी चिंगारी ने गोलीबारी का रूप ले लिया।
बताया जाता है कि भटना बहियार के जलजमाव वाले इलाके में मछली मारने को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच करीब एक दशक से विवाद चला आ रहा है। यही पुराना विवाद समय-समय पर तनाव को हवा देता रहा।
श्राद्ध के बाद गांव में रुके थे परिजन, तभी फिर भड़की रंजिश
स्थानीय लोगों के मुताबिक, खलट यादव की मां की करीब एक माह पहले इलाज के दौरान मौत हुई थी। श्राद्ध कार्यक्रम के बाद परिवार के कुछ लोग गांव में ही रुके हुए थे। इसी दौरान रविवार शाम विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस के सामने चुनौती—कौन चला रहा था गोली?
थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश को लेकर गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल सवाल यही है कि वर्षों से सुलग रही इस दुश्मनी की आग को आखिर कब तक शांत कराया जा सकेगा? इलाके में हुई गोलीबारी ने एक बार फिर पुलिस-प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।